स्वार में पुलिस प्रशासन पंचायत चुनाव में लगा है। वहीं खनन कारोबारी नदियों के घाटों से जेसीबी व पोपलेन से धड़ल्ले से अवैध खनन करने में लगे हैं। सूचना पर खनन अधिकारी ने घूघा नदी के भगवंत नगर घाट पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान खनन कारोबारी पोपलेन को छोड़ कर भाग गए। इसे कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।
तहसील क्षेत्र स्थित कोसी नदी, घूघा, नइया नदी, चिंघाड़ नदी घाटों पर अवैध रूप से खनन का कारोबार पोपलेन मशीनों व जेसीबी मशीनों से धड़ल्ले से किया जा रहा। रातों रात खनन कर वाहनों से रेता को स्टोन क्रेशरों पर भेजा जा रहा है। पुलिस प्रशासन पंचायत चुनाव में व्यस्त होने के चलते खनन कारोबारियों की चांदी निकल आई है।
खनन कारोबार में हलका इंचार्ज व पुलिस कर्मियों की भूमिका संदिग्ध है। शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन अधिकारी आरपी सिंह ने स्वार केलाखेड़ा मार्ग स्थित गांव भगवंत नगर नदी के घाट पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। और वह पोपलेन मशीन को छोड़ कर फरार हो गये।