बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने गए तीन शिवभक्तों को नगीना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने रौंद डाला। मृतकों में दो रिश्तेदार हैं। मृतकों में एक शाहबाद का रहने वाला है। मोहल्ला संजयनगर खेड़ा निवासी अमन सक्सेना (20) पुत्र रजनीश सक्सेना रविवार की देर शाम संजयनगर निवासी अपने फूफा मंगतराम उर्फ मनोज कुमार (35) और नारायण कॉलोनी ट्रांजिट कैंप निवासी अपने दोस्त संजीव मौर्या (22) के साथ बाइक से गंगाजल लेने हरिद्वार रवाना हुआ था।
अमन ने बाइक भी अपने दोस्त गौतम से मांगी थी। देर रात तीनों की बाइक को नगीना क्षेत्र जिला बिजनौर में डंपर ने रौंद दिया। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके पास मिले मोबाइल से बिजनौर पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। रात में ही परिजन नगीना के लिए रवाना हो गए। मृतक अमन के पिता रजनीश सक्सेना प्राइवेट स्कूल में बस चालक हैं। रजनीश तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
भाई रतन सक्सेना ने बताया कि अमन मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का काम करता था। फूफा मनोज बिजली और गैस रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। तीसरे मृतक संजीव मौर्या की ट्रांजिट कैंप में ही मोबाइल की दुकान थी। मूल रूप से शाहबाद निवासी संजीव अपने मामा रोहतास के साथ रहता था।