नेशनल हाईवे (एनएच-24) पर पनवड़िया के पास रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी दो बहनें घायल हो गईं। घायल युवतियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस जब्त कर ली है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बढ़पुरा शर्की निवासी धर्मवीर मंगलवार दोपहर बाद अपनी बहन शशि और पूनम के साथ कपड़ों की खरीदारी के लिए बाइक से रामपुर आया था। खरीदारी के बाद तीनों वापस जा रहे थे। रास्ते में हाईवे पर पनवड़िया के पास सामने आ रही सोहराबगेट डिपो की बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर से बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल शशि और पूनम को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। धर्मवीर की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस रोडवेज बस को जब्त कर थाने ले आई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई होगी।
पनवड़िया के पास हुए हादसे के बाद सोहराबगेट डिपो की बस का चालक सवारियों से भरी बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। चालक के फरार होने के बाद यात्री भी बस से उतर गए। काफी देर तक उन्होंने मदद का इंतजार किया। बाद में दूसरी बस में बैठकर गंतव्य की ओर रवाना हुए।
धर्मवीर के भतीजे का जन्मदिन आने वाला था। भतीजे की जन्मदिन को लेकर खरीदारी करने के लिए वो अपनी बहनों के साथ रामपुर आया था। वापस जाते समय रास्ते में हादसा हो गया। हादसे के बाद धर्मवीर की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वो जिला अस्पताल में दहाड़े मारकर रो रही थीं। रोते-रोते कई बार बेहोश भी हो गईं।