क्षेत्र से रिश्तेदारी में बुधवार को बरेली जा रहे युवकों की बाइक में बाईपास के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाली क्षेत्र के भौनकपुर गांव निवासी दुष्यंत (20) बुधवार को बाइक से भजनलाल और ककरौआ गांव निवासी राजू के साथ बरेली के सिरौदी गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे।
बाईपास के पास धर्मपुरा और क्योरार के बीच पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार राजू और भजनलाल दूर जा गिरे। दुष्यंत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक काफी दूर तक डिवाइडर से रगड़ती चली गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। दुष्यंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेजा गया है। हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दुष्यंत के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक दो दिन पहले ही चंडीगढ़ से होली मनाने घर आया था। होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं।