बिलासपुर क्षेत्र में बुधवार को व्यापारी के पुत्र की दावत के बहाने घर से बुलाकर हत्या कर दी गई। साथ ही हत्यारों ने उसके शव को हाईवे किनारे नहर में फेंक दिया। पुलिस ने युवक का शव तीसरे दिन नहर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने तीन दोस्तों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवक तीन दिन से लापता था। केमरी के मोहल्ला इमामबाड़ा निवासी सखावत अहमद बाजारों में किराने की दुकान लगाते हैं। वह नगर की साप्ताहिक बाजार में भी आते हैं। उनके साथ पुत्र फिरासत उर्फ भूरा 20 वर्ष भी आया करता था। भूरा की पड़ोस में किराने की दुकान लगाने वाले विक्की पुत्र रामगुलाम निवासी मोहल्ला लक्ष्मीनगर से दोस्ती हो गई।
परिजनों के मुताबिक, 18 अक्तूबर को नगर में नैनीताल हाईवे स्थित एक होटल में एक विवाह समारोह था। शादी में भाग लेने के लिए केमरी के मोहल्ला चमारान निवासी प्रेमपाल पुत्र नेतराम के बाइक से आया था। आरोप है कि प्रेमपाल भूरा को बिना दावत के ही उसके घर से बुलाकर शादी में ले गया था।
शादी में दावत खाने के बाद प्रेमपाल अपने घर पहुंच गया, मगर भूरा घर नहीं पहुंचा। भूरा के परिजनों ने उससे पुत्र के बारे में पूछा तो उसने बता दिया कि वह दावत खाने के बाद दोस्त बिक्की व एसडीएम कालोनी निवासी सन्नी पुत्र हरेंद्र सिंह के साथ घर आ गया था। भूरा होटल में ही रुक गया था।
परिजनों ने उसे काफी खोजा, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। सखावत ने बुधवार की सुबह कोतवाली में पुत्र की गुमशुदगी की तहरीर भी दी। बुधवार शाम किसी ने पुलिस को सूचना दी कि नैनीताल हाईवे पर नवीन मंडी के पास किछिया नहर की पुलिया के पास किसी युवक की लाश पानी में पड़ी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को पानी से बाहर निकलवाया तो सखावत ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने पुत्र भूरा के रूप में की। केमरी के पूर्व चेयरमैन हाजी मुख्तार, राईस मिलर्स परवेज अली, व्यापार मंडल नगराध्यक्ष हाजी पुत्तन अली समेंत तमाम लोग पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतक के पिता ने प्रेमपाल, विक्की, सन्नी के खिलाफ हत्या कर शव नहर में फेंकने की रिपोर्ट लिखाई है। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के सिर में चोट का एक निशान था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मृत्यु का कारण पता चल सकेगा। हत्या की वजह अभी साफ नहीं है।