कोतवाली क्षेत्र में एक व्यापारी के गोदाम से चार ड्रम मैंथा तेल चोरी हो गया, जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शक के आधार पर गोदाम के दो चौकीदारों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।नगर की शिवबाग मंडी निवासी रामफल अग्रवाल का ग्राम कोटा अलीनगर में गोदाम है। रामफल के मुताबिक, शनिवार को उन्होंने गोदाम पर पहुंचकर देखा कि चार ड्रम मैंथा का तेल गायब था। ड्रमों में तेल के बजाय पानी भरा हुआ था।
उन्होंने गोदाम पर मौजूद दो चौकीदार से तेल गायब होने के बारे में पूछा तो दोनों ने तेल के गायब होने के प्रति अनभिज्ञता जाहिर की। जब चौकीदारों ने कुछ भी नहीं बताया तो गोदाम स्वामी ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर अज्ञात के खिलाफ दी। उन्होंने तहरीर में चोरी हुए चार ड्रम तेल की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई। साथ ही दोनों चौकीदारों पर शक भी जाहिर किया।
गोदाम स्वामी के शक के आधार पर पुलिस ने दोनों चौकीदारों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और रविवार को पूरे दिन दोनों से पूछताछ की, मगर चोरी हुए तेल का कुछ भी पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी सुनील अहलावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।