थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों और एक महिला से नगदी समेत 20 हजार का माल लूट ले जाने के मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। मुरादाबाद के थाना बिलारी के गांव खाता नगारिया निवासी कमल सिंह बाइक से राजवीर और धारावती के साथ शाहबाद रिश्तेदारी में जा रहे थे।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर जैसे ही वो मीरापुर गांव के पास पहुंचे, बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनको रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर धारावती से दो हजार नगद, मंगलसूत्र और पाजेब लूट ली। कमल सिंह से दो हजार नगद और कीमती सामान लूट लिया। राजवीर से भी दो हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। पीड़ितों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देखकर बदमाश फरार हो गए। सभी लोग शाहबाद थाने पहुंचे। पुलिस को तहरीर दी।