बिलासपुर में बोलेरो सवार बदमाशों ने खजुरिया गोदी रोड पर बुधवार की रात किच्छा से शीशगढ़ जा रहे कार सवार तीन ईंट भट्ठा कारोबारियों से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर दो कारोबारियों पर छुरी से हमला कर घायल कर दिया है। घटना की सूचना के बाद खजुरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
बरेली के शीशगढ़ के मोहल्ला ग़ौड़ी के रहने वाले अतीक, गुड्डू अपने एक साथी के साथ बुधवार की रात किच्छा से वापस जा रहे थे। उनकी किच्छा के छिनकी कुटइयां में ईंट-भट्ठा है। तीनों उसमें पार्टनर हैं। तीनों बुधवार की रात कार से किच्छा से शीशगढ़ जा रहे थे।
रास्ते में गोदी-खजुरिया मार्ग पर बोलेरो सवार चार बदमाशों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इसके बाद कार में सवार अतीक व गुड्डू को बाहर निकाल लिया। बदमाश तमंचे के बल पर उनको खींचकर ले जाने लगे। विरोध करने पर उनको चाकू घोंपकर घायल कर दिया।
इसके बाद बदमाश उनके पास से लगभग डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। इसके बाद तीनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद खजुरिया थाने के एसओ राजेश तिवारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस ने आसपास के सभी थानों को इस बारे में सूचना दे दी है। खजुरिया एसओ राजेश तिवारी के मुताबिक बदमाशों ने कार में टक्कर मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। साथ ही दो लोगों को घायल कर दिया है।