दूसरे की जमीन को अपना बताकर ठगों ने सभासद को ही चूना लगा दिया। 30 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने महिला सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बीपी कालोनी निवासी सभासद गुलशन अरोड़ा का कहना है कि एक साल पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के कुंडा मोहल्ला निवासी जाकिर उनकी दुकान पर आया था।
बताया कि 234 गज का एक प्लाट 234 शिवापुरम कालोनी में है। गुलशन ने प्लाट में रुचि दिखाई। एक महिला भी उनके पास आई और खुद को जमीन की मालकिन महजबी कुरैशी बताया। तीस लाख में प्लाट का सौदा हो गया। बयाने के तौर पर पांच लाख रुपये दे दिए। छह माह के अंदर जमीन का बैनामा करने की बात हुई थी।
इस दौरान महजबी कुरैशी ने कुछ रुपये और ले लिए। बाद में नीरू अरोड़ा, रेनू अरोड़ा और गरिमा जुनेजा के नाम पर प्लाट का बैनामा कर दिया। जब सभासद प्लाट पर निर्माण कराने पहुंचे तो दिलदार कुरैशी ने बताया कि जिस महिला का प्लाट है वो दिल्ली में रहती है।
पता चला कि किसी ने फर्जी महजबी कुरैशी बनकर जमीन की रजिस्ट्री की है। गुलशन ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने गंज निवासी महिला शाहिन, माजिद, ताबिश और जाकिर पर धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज की है।