शाहबाद विकास खंड के बैरुआ गांव में मतदान केंद्र के बाहर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और पत्थर भी चले। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप भी लगा रहे हैं। घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। घायलों को शाहबाद के सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक सैफनी के बैरुआ गांव में शुक्रवार अपराह्न तीन बजे दो पक्षों के लोगों में मतदान केंद्र के पास खड़े होने को लेकर तूतू, मैंमैं शुरू हुई। तालिब हुसैन की पत्नी शकीला क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। तालिब हुसैन समर्थकों के साथ वहां खड़े थे। दूसरे पक्ष के नदीम भी खड़े थे।
मतदान केंद्र के बाहर खड़े होकर लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और पत्थरबाजी शुरू हो गई। दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप भी लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही है। एक पक्ष से तालिब, इमरान, उबैद और तशाबुल और दूसरे पक्ष के आसिम और वाजिद घायल हो गए।
घायलों को शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मतदान केंद्र के बाहर मारपीट व फायरिंग की घटना का चुनाव पर भी असर पड़ा। चुनाव कार्य भी कुछ देर के लिए बाधित रहा। एसपी साधना गोस्वामी का कहना है कि मतदान केंद्र से कुछ दूरी पर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो गई थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।