थाना क्षेत्र के गजरौला गांव में एक विधवा की हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया है। मृतका के पुत्र ने पड़ोसी पिता पुत्र सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है।
थाना क्षेत्र चक गजरौला गांव निवासी महिला उर्मिला के पति की 15 साल पहले मौत हो चुकी है। उसके पांच बच्चे हैं। आसपास ही दो मकान हैं। अपनी जमीन पर खेती कर तथा मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रही थी। महिला का सबसे बड़ा लड़का कुलवंत सिंह उर्फ पप्पू (30) रुद्रपुर फैक्ट्री में नौकरी करता है, तथा अपने बीवी बच्चों के साथ वही रहता है। घर में तीन बेटियां नीतू, मितलेश, रानी तथा पुत्र संजय अपनी मां भूरी के साथ रहते थे। महिला के पास तीन एकड़ कृषक भूमि है।
बीती रात महिला पड़ोस में हुए संगीत के कार्यक्रम से रात 11 बजे लौट कर आयी। चारों बच्चे पहले ही घर आ कर सो गए थे, जबकि महिला दूसरे घर में आ कर अकेली सो गई। बताया जाता है की महिला ने बुधवार को ही अपने गेहूं बेचे थे तथा कुछ गेहूं को गुरुवार को बेचने थे। घर का कीमती समान तथा अनाज के बोर रखे होने के कारण दूसरे घर में अकेली सोती थी।
रात को किसी वक्त मृतका की बड़ी पुत्री नीतू ने चीख सुनी तब उसने जाकर दूसरे घर में सो रही मां को देखा, लेकिन फिर किसी भी प्रकार की कोई हलचल न पाकर पुन: सो गई। सुबह 5:30 बजे जब वह मां को चाय के लिए उठाने आयी तो मृत देख उसकी चीख निकल गई। पप्पू ने फोन से घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में महिला के चेहरे तथा गर्दन पर चोट के निशान पाये गए।
मृतका के पुत्र कुलवंत सिंह ने गांव के ही गुड्डू, राकेश पुत्र कल्लू तथा कल्लू पुत्र नत्थू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ सुरेंद्र सिंह ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।