स्वयं को बैंक वाला बताकर एकाउंट और एटीएम बंद करने की बात कहकर पासवर्ड मालूम करके खाते से रुपये निकालने की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। रिटायर्ड फौजी के खाते से धोखाधड़ी कर अस्सी हजार रुपये निकालने की घटना प्रकाश में आई है। मामले में पीड़ित ने तहरीर दे दी है।
कोतवाली के ग्राम नगरिया कलां निवासी कालीचरन ने बताया कि वह रिटायर्ड फौजी हैं। दो दिन पूर्व उनके फोन पर शाम के दौरान एक युवक का फोन आया और उसने उनसे कहा कि वह भारतीय स्टेट बैंक के मुंबई कार्यालय से बोल रहा है। युवक ने बताया कि आधार कार्ड नंबर लिंक न होने के कारण खाता और एटीएम को सीज कर दिया गया है।
अगर, वह अभी खाता खुलवाना चाहते हैं तो उसे तत्काल आधार कार्ड का नंबर बताएं। फौजी ने युवक को बताया कि उसके आधार कार्ड का नंबर खाते में जुड़ चुका है। इसके बाद उसने उसे आधार, खाता व एटीएम का गुप्त पासवर्ड तक बता दिया। आरोप है कि उसकी वक्त युवक ने उसके खाते से छह बार में अस्सी हजार की रकम निकाल ली।
खाते से निकाली गई रकम के एसएमएस भी उनके फोन पर आए। उन्होंने बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला कि उनके साथ ठगी हो गई है। उन्होंने फोन नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी कर अस्सी हजार रुपये निकालने की तहरीर दी है। इसकी पुलिस जांच कर रही है।