रामपुर। स्वार में तैनात दरोगा के खिलाफ वहां से सभासद लामबंद हो गए हैं। स्वार के 20 सभासदों ने कांग्रेसी नेता फैसल लाला के नेतृत्व में एएसपी को ज्ञापन सौंपकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने मामले की जांच सीओ स्वार राहुल कुमार को सौंप दी है।
कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल खां लाला के नेतृव में स्वार के बीस सभासद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। एसपी के मौजूद नहीं होने की स्थिति में फैसल लाला ने एएसपी अरुण कुमार सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि स्वार थाने में तैनात दरोगा सुभाष यादव थाने में आने वाले लोगों से दुर्व्यवहार करते हैं। थाने में आने वाले लोगों से रिश्वत मांगते हैं, जिससे पुलिस की छवि लगातार खराब हो रही है। एएसपी ने इस मामले की जांच सीओ स्वार को सौंप दी है। इस मौके पर शाह आलम, फैजान, इकरार, सफदर अली, नादर खां, इस्लाम हुसैन, अतुल कुुमार, हबीब, जमील, अकील अहमद, नासिर, अकील खान, बबली आदि लोग मौजूद रहे। इस मामले में एएसपी अरुण कुमार सिंह का कहना है कि दरोगा के खिलाफ शिकायत आई है। मामले की जांच सीओ स्वार को सौंपी गई है। जांच में अगर आरोप साबित होते हैं तो दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।