बच्चों को अगवा करते तीन युवक दबोचे
शाहबाद। ई-रिक्शा सवार तीन युवकों द्वारा दिन-दहाड़े बच्चों को अगवा करने के प्रयास की कोशिश से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्चों का शोर सुनकर पास में ही खेल रहे युवकों की नजर बच्चों को जबरन ले जा रहे युवकों पर पड़ गई। इस पर आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर तीनों युवकों को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी। भीड़ तीनों युवकों को पीटते हुए कोतवाली ले गई और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की बात कह रही है।
नगर के मोहल्ला सदात निवासी नदीम के दो बेटे अलनेन और अरहाम मंगलवार दोपहर पुरानी तहसील परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान तीन युवक ई-रिक्शा से वहां पहुंच गए और बच्चों को बहला-फुसलाकर अगवा करने की नीयत से ई-रिक्शा में बिठाने लगे। जिस पर बच्चों ने विरोध किया तो पास में ही खेल रहे कुछ युवकों की नजर इन लोगों पर पड़ गई। इस पर खेल रहे युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिससे आसपास मौजूद अन्य लोगों ने दौड़कर बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश कर रहे युवकों को दबोच लिया। गुस्साई भीड़ ने तीनों युवकों की जमकर धुनाई की और पीटते हुए कोतवाली ले गए जहां पर भीड़ ने तीनों आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया। लोगों ने तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली में हंगामा शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे। दबोचे गए तीनों युवक शराब के नशे में थे और बच्चों द्वारा ई-रिक्शा के पीछे लटकने की बात कर रहे थे।