जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी तीन दिन पहले अपना मकान बंद करके प्रचार में गई थीं। इस दौरान चोरों ने ताले तोड़कर नगदी समेत करीब साढ़े छह लाख रुपये का माल चुरा लिया। उधर, पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बमनपुरा निवासी डा. शेर बाबू खान परिवार समेत नगर के मोहल्ला विशारतनगर में रहते हैं।
चिकित्सक की पत्नी डा. शबाना बेगम जिला पंचायत के वार्ड तीन से चुनाव लड़ रही हैं। चिकित्सक दंपति तीन दिन पहले मकान में ताला लगाकर चुनाव लड़ने के लिए मूल गांव चले गए थे। शनिवार की दोपहर मोहल्ले का युवक उनके घर दवाई लेने गया तो मेन गेट खुला था। वह अंदर गया तो देखा कि कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था।
उसने शोर शराबा करके मोहल्ले के लोगों को बुला लिया। मकान में चोरी होने की खबर सुनकर चिकित्सक के रिश्तेदार सभासद आसिम खान व सपा नेता आरिफ खां, हामिद खां आदि भी पहुंच गए। उन्होंने फोन करके चिकित्सक दंपति को बुला लिया। शाम को अपने घर पहुंचे तो सारा माजरा देखा।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना भी किया। चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि घर में एक लाख रुपये नगद रखे थे, जिसमें से वह चुनाव के खर्चे के लिए बीस हजार रुपये ले गए। इस दौरान चोर अस्सी हजार रुपये, 21 तोले सोने और आधा किलो चांदी के जेवर समेत करीब साढ़े छह लाख रुपये का माल चुराकर ले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।