योगी ने लखनऊ से लगाई अफसरों की क्लास
रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सीधे अफसरों से रूबरू हुए। उन्होंने जनसमस्याओं के तत्काल निस्तारण के साथ ही पीड़ितों को तुंरत इंसाफ दिलाने के भी निर्देश दिए। कहा कि अफसर जनता की समस्याओं का हर हाल में निस्तारण कराएं।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए अफसरों से जुड़े। उन्होंने डीएम एसपी के साथ ही जिलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से सीधा संपर्क साधा। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए योगी आदित्यनाथ ने आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों तथा उसके निस्तारण की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता के साथ पारदर्शी एवं गुणवत्ता युक्त ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने स्तर पर नियमित रूप से साप्ताहिक इसकी समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 जून तक प्राप्त समस्त शिकायतों का निस्तारण टीम गठित कर प्रत्येक दशा में 31 जुलाई तक निस्तारित करके प्रमाण प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा कहा कि शिकायतों का तुरंत निस्तारण होना चाहिए। किसी भी तरह की कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा उन्होंने पीड़ितों की शिकायतो का निस्तारण कराने के आदेश जारी किए हैं। कहा कि किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि आईजीआरएस के तहत जनपद में कुल 15180 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें 14351 का गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारण किया गया। निस्तारण के मामले में जनपद रामपुर का प्रदेश में 13वां स्थान रहा। समीक्षा के दौरान डीएम के अलावा एसपी डा.विपिन ताडा समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।