मसवासी। नगर क्षेत्र में ट्रक चोर गैंग सक्रिय हो गया है। ट्रक चोरी करने आए स्कॉर्पियो सवार लोगों को ट्रक संचालकों ने घेरने की कोशिश की लेकिन वह भागने में सफल हो गए। सूचना देकर ग्रामीणों ने रात में ही पुलिस को बुला लिया।
शुक्रवार की रात फिर से स्कॉर्पियो सवार बिजारखाता आ धमके और उन्होंने ट्रकों में चोरी का प्रयास शुरू कर दिया। आहट होने पर ट्रकों के केविन में सो रहे चालक जाग गए और उन्होंने फोन से मामले की जानकारी ट्रक संचालकों को दी।
गुरुवार की रात भी बदमाश बिजारखाता और स्वार से खड़े कई ट्रकों के टायर खोल कर ले गए थे। शुक्रवार को जैसे ही उन्होंने खड़े ट्रकों में बैटरा समेत टायर खोलने के प्रयास किये तभी ट्रक संचालक आ गए और उन्होंने स्कॉर्पियो सवार बदमाशों को घेरने का प्रयास किया।
ट्रक संचालकों ने ईंट-पत्थर मारकर बदमाशों की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। ट्रक संचालकों ने बताया कि स्कॉर्पियो में पांच बदमाश सवार थे। अपने आप को घिरता देखकर गाड़ी लेकर स्वार दिशा की ओर भाग गए। एक अन्य वाहन से उनका पीछा किया गया। लेकिन हाथ नहीं आ सके। रात में ही मौके पर पुलिस बुलाकर घटना से अवगत कराया गया।