कठासू पंचायत के तहत केहराल में सोमवार रात आग लगने से सात घर जलकर राख हो गए। इससे करीब दो करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। सूचना के बाद पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नुकसान का जायजा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार केहराल में पुरुषोत्तम सिंह के घर से आग शुरू हुई।
आग से पुरुषोत्तम सिंह के अलावा नरेश, जसवंत, परमानंद, किशोर, बलबीर, प्रमोद, देविंद्र, कपिल और अश्विनी के परिवार बेघर हो गए हैं। सूचना के बाद सरस्वतीनगर से उप तहसील व पुलिस चौकी के प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मकान सड़क से अधिक दूरी पर स्थित था। ऐसे में यहां तक दमकल वाहन भी नहीं पहुंच पाता था। घर कच्चा था, जिससे आग जल्द फैल गई और उसे रोक नहीं सके। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। डीएसपी मदन कांत ने मामले की पुष्टी की। उन्होंने कहा कि आग से करीब सात घर जल कर राख हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।