स्वार (रामपुर)। सऊदी अरब में एक खाने के होटल में काम करने गए स्वार के युवक की संदिग्ध हालात में डेढ़ महीने पहले मौत हो गई। उसका शव उसके ही कमरे में रस्सी के फंदे से लटका पाया गया। घुटने जमीन पर लटके हुए थी, जिसकी सूचना मय फोटो के आने पर घरवालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई। मां ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बेटे का शव यहां लाने की मांग की, जिस पर कार्रवाई के बाद बृहस्पतिवार को शव लाया गया। इसके बाद यहां उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला अगलगा निवासी शादाब दो साल पहले एक एजेंसी के माध्यम से सऊदी अरब गया था। वहां के रियाद शहर में शादाब को एक खाने के होटल पर काम मिला। 16 सितंबर को सूचना आई कि शादाब का शव उसके ही कमरे में रस्सी के फंदे पर लटका हुआ है और उसकी मौत हो गई है। यही नहीं सूचना देने वाले ने उसके फंदे पर लटके शव के फोटो भी व्हाट्सएप पर भेजे। मां जरीना ने बताया कि फोटो देखने पर पता लगा कि शादाब के घुटने जमीन पर टिके हुए हैं। जिससे उसकी मौत फंदे पर लटकने से हो ही नहीं सकती है। मां ने उसकी हत्या की आशंका जताई। साथ ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बेटा का शव भारत लाने की मांग की। जिसको संज्ञान लेते हुए विदेश मंत्रालय ने कार्रवाई शुरू की। इस पर बृहस्पतिवार को शव स्वार लाया गया। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं शव के अंतिम दर्शन के लिए काफी संख्या में लोग घर पहुंचे। इसके बाद शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। जरीना के शौहर शाहिद की काफी समय पहले मौत हो चुकी है, उसकी दो बेटियां हैं। शादाब पर ही पूरे घर की जिम्मेदारी थी। उसकी मौत से परिवार पर दु:ख का पहाड़ टूट पड़ा है।