रामपुर। पुलवामा की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर खुशी का इजहार करनेे वाले युवक को पुलिस को सीएमओ कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ शहर कोतवाली में पहले से मुकदमा दर्ज था।
गंज थाना क्षेत्र के तालाब निहालुद्दीन निवासी तारिक खान उर्फ टिंकू ने फेसबुक पर पुलवामा की घटना को लेकर खुशी का इजहार किया था। फेसबुक पर उसने लिखा था कि मैं इंडियन मुस्लिम हूं। इन लोगों के मारे जाने से बहुत खुश हूं। फेसबुक पर इस तरह का मैसेज पढ़ने के बाद भाजपा नेता पीयूष सक्सेना ने इसकी शिकायत आला अधिकारियों से की थी। जानकारी मिलने के बाद आला अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मुकदमा कोतवाली के एसएसआई की तहरीर के आधार पर दर्ज किया गया था। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद खुफिया तंत्र अलर्ट हो गया था। पुलिस ने युवक के घर जाकर भी जांच की थी लेकिन युवक फिलहाल रामपुर से बाहर रह रहा था। पुुलिस उसको लगातार तलाश कर रही थी। सोमवार की सुबह के समय पुलिस ने सीएमओ आफिस के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।