रामपुर। केेमरी और टांडा थाना क्षेत्र में व्यापारी और मुरादाबाद के सराफ से लूट की घटना हो चुकी है लेकिन उसके बाद भी पुलिस इसका खुलासा नही कर सकी है। खानापूर्ति के नाम पर दबिश लगातार जारी है।
केमरी के मोहल्ला इममाबाड़ा निवासी अलाउद्दीन उर्फ पच्चू किराने के थोक व्यापारी हैं। उनकी केमरी में ही कमुआ नगला रोड पर किराने की दुकान है जहां से वह छोटे-छोटे दुकानदारों को उधार और नगद में किराने का माल देते हैं। तीन जनवरी की शाम को पांच बजे बाइक से केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम रास डंडिया की बाजार से दुकानदारों से वसूली करके वापस अपने घर को लौट रहे थे। बिलासपुर-मिलक रोड पर खानपुर के पास बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशेां ने तमंचों के बल पर उनसे नोटों भरा थैला और फोन लूट लिया था। विरोध करने पर व्यापारी के सिर में तमंचे की बट से प्रहार भी कर दिया था। सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी लेकिन एक सप्ताह से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी। इसके साथ ही टांडा में हुई सराफ से डेढ़ लाख की लूट के मामले में भी पुलिस खाली हाथ है लेकिन दोनों ही थाना प्रभारी इस मामले में जल्द से जल्द लूट का खुलासा करने की बात कह रहे हैं। इसके अलावा सिविल लाइंस और शहजादनगर में भी दो दिन पहले बदमाश ट्रक चालकों को बंधक बनाकर टायर खोलकर ले गए लेकिन पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज तक करना उचित नहीं समझा।