कोसी नदी के भूवरा घाट पर बुधवार की रात खनन की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान नदी से अवैध रूप से खनन कर रही पोपलेन, सात ट्रैक्टर, छह ट्रालियों सहित चार खनन कारोबारियों को पकड़ लिया। वहीं एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने संबंधित धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तहसील क्षेत्र स्थित कोसी नदी सहित अन्य नदियों से अवैध रूप से खनन का काम धड़ल्ले से किया जा रहा है। बुधवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि कोसी नदी के भूवरा घाट पर पोपलेन से अवैध रूप से खनन कर रेता ट्रैक्टर ट्रालियों से भरकर तहसील टांडा के गांव अकबराबाद स्थित एक स्टोन क्रेशर पर लेकर जाया जा रहा है।
इस पर पुलिस ने कोसी नदी घाट पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान खनन कर रहे लोग भागने लगे। बाद में पुलिस ने मौके से टांडा के गांव अकबराबाद निवासी जुल्फेकार, दिल्लन खां, धम्मनारायपुर निवासी सलीम, थाना जसपुर के भोकपुर निवासी हरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अकबराबाद निवासी नबील हसन फरार हो गया।
वहीं पुलिस ने पोपलेन, रेत से भरी छह ट्राली, सात ट्रैक्टर को पकड़ कर कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गये चारों लोगों का गुरुवार को चालान कर दिया। कार्रवाई के दौरान कोतवाल हरीश चंद्र जोशी, मसवासी चौकी इंचार्ज राजीव चौधरी, नरोत्तम सिंह, मुकेश कुमार आदि रहे।