घर में सोए युवक की धारदार हथियार के वार से हुई मौत के मामले की सूचना को भी पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। अंत तक पुलिस परिवार वालों की ओर से कोई सूचना न देने का राग अलापती रही। अगर पुलिस सूचना को गंभीरता से लेती और श्याम सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराती तो उसकी मौत का राज खुल सकता था।
श्याम सिंह की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला गुरुवार पूरे दिन न सिर्फ गांव बल्कि आसपास के कई गांवों में चर्चा का विषय बना रहा। बताया जाता है कि कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को मोबाइल पर दी थी। मगर पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस मौके पर भी जानकारी करने नहीं पहुंची। पुलिस अंत तक कहती रही कि परिवार के किसी व्यक्ति ने कोई सूचना नहीं दी है।
इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार वालों ने घटना की कोई सूचना नहीं दी है। बगैर सूचना दिए श्याम सिंह का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। सीओ राजेश्वर सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर ने एक चैनल रिपोर्टर द्वारा घटना की सूचना देने की जानकारी दी थी। परिवार वालों की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई। फिर भी पुलिस को मौके पर पहुंचकर मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।