रामपुर। सिविल लाइंस पुलिस ने छापा मारकर मोबाइल चुराने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। दो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस को उनके पास से आठ कीमती चोरी किए मोबाइल भी बरामद किए गए है।
एसपी के आदेश पर बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बुधवार रात को सिविल लाइंस पुलिस को सूूचना मिली कि आरोपी युवक चोरी किए गए मोबाइल को बेचने के लिए मुरादाबाद जा रहे हैं। उसके बाद पुलिस ने गांधी सामाधि के पास छापा मारकर चारों को रोक लिया लेकिन दो चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दो को पुुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। पुलिस थाने ले आई जहां दोपहर में सीओ सिटी ओपी आर्य ने इस गैंग का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए चोर गंज थाना क्षेत्र निवासी फैजान और मुज्जिम हैं। इसके अलावा फरार होने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस तलाश रही है। पकड़े गए आरोपियों ने चाय के खोखे के अलावा दुकानों पर रखे मोबाइल चोरी करने की घटनाओं को स्वीकार किया। दो दिन पहले भी दो मोबाइल चोरी होने की घटनाएं हो गई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।