मोबाइल रिचार्ज भुगतान को लेकर दुकानदार-ग्राहक भिड़े, फायरिंग
रामपुुर। मोबाइल रिचार्ज को लेकर दुकानदार-ग्राहक में विवाद हो गया। जिसके बाद ग्राहक ने दुकान पर फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी जहांगीर की हाथीखाना चौराहे के निकट मोबाइल शॉप है। आरोप है कि शुक्रवार रात सुमेर नामक युवक अपने भाई के साथ जहांगीर की दुकान पर आया। सुमेर ने जहांगीर से रिचार्ज करने को कहा। जिस पर जहांगीर ने रिचार्ज का पुराना बकाया भुगतान करने को कह दिया। सुमेर उस वक्त करा रहे रिचार्ज के रुपये ही देने की बात पर अड़ गया। इसको लेकर जहांगीर और सुमेर में विवाद हो गया। दोनों में झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि गुस्साए सुमेर ने इसी बात को लेकर फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और सुमेर व उसके भाई को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने मोबाइल रिचार्ज को लेकर झगड़े की बात कही है लेकिन, फायरिंग से इंकार किया है।