रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बंद मकान के ताले तोड़कर जेवर और नगदी समेत करीब तीन लाख की चोरी कर ली गई। चोर सऊदी के पांच सौ रियाल भी ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
घटना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला मड़ैया नादरबाग की है। जहां रईस मौलाना के मकान में शमीम अहमद का परिवार किराए पर रहता है। वह पत्नी के साथ गांव गए थे। घर पर दो बेटे थे, जो ट्यूशन पढ़ने चले गए। मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ घर में घुस गए। चोरों ने घर में रखा करीब चार तोले सोने का जेवर, चांदी का जेवर और 41 हजार की नगदी चुरा ली। संदूक में सऊदी के पांच सौ रियाल भी रखे थे। चोर उन्हें भी ले गए। बाद में शमीम अहमद रिश्तेदारों के साथ आ गए। उन्होंने घर का नजारा देख घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार के लोग भी आ गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि अब कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। यदि कोई तहरीर आएगी तो रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।