रामपुर। कृषि संशोधन कानून के विरोध में भाकियू अन्नदाता के कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क से पास हाईवे जाम कर धरना दिया। वैसे तो भाकियू अन्नदाता के कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम बनाया था। लेकिन मौके पर अधिकारियों के न आने पर किसानों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली के इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे तो किसानों ने उनको ज्ञापन सौंपने से मना कर दिया। बाद में नगर मजिस्ट्रेट और सीओ ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक किसान सुबह से ही संगठन के प्रदेश अध्यक्ष (युवा) उस्मान अली पाशा के नेतृत्व में एकत्रित होना शुरू हो गए। दोपहर बारह बजे तक किसानों के बीच कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो गुस्साए किसानों ने आंबेडकर पार्क के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सिविल लाइन कोतवाली के इंस्पेक्टर किसानों के बीच पहुंचे और जाम खोलने की अपील करने लगे। कहा कि वह लोग उन्हें ज्ञापन दे दें। किसानों ने उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया। कहा कि जब तक कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं आता, जाम नहीं खोला जाएगा। किसान नारेबाजी करने लगे। किसानों के आक्रोश को देखते हुए तुरंत नगर मजिस्ट्रेट और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर किसानों के बीच पहुंचे और ज्ञापन लिया। इस मौके पर हारून पाशा, मुशाहिद हुसैन, शादाब हुसैन, इमरान अली, नसीम मियां, राजीव चड्ढा, नावेद अर्सलान पाशा, शाह जमान, साखियां खातून, जीनत खान, शबनम खान, मोहम्मद शावान, अफसर अली, नंदराम, आकिल मोहम्मद, शंकर सैनी आदि मौजूद रहे।