रामपुर। रामपुर रोडवेज डिपो पर कूरियर सेवा अब तक शुरू नहीं हो सकी है। कवायद के बाद संचालन न होने से अब लोग बसों में महंगे दामों में अपना सामान पहुंचा रहे हैं।
परिवहन निगम में लंबे समय पहले कूरियर सेवा शुरू की थी लेकिन फिर कुछ दिन चलकर यह बंद कर दी गई थी और माल ढोने पर पाबंदी लगा दी गई थी, लेकिन अभी पिछले साल ही व्यापारियों और अन्य दुकानदारों और यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए दोबारा से कूरियर सेवा शुरू की जा रहीथी। इसकी कवायद शुरू कर दी गई थी और रोडवेज डिपो पर इसके लिए काउंटर बनाए जाने थे।
मुख्यालय स्तर से भी जल्द काउंटर बनाने के लिए कहा गया था, लेकिन कुछ दिन तक इस पर काफी चर्चा रही, लेकिन बाद में फिर काम टल गया। योजना यह थी कि काउंटर बनने के बाद एक कर्मी को यहां पर लगाया जाएगा और फिर वह सभी के सामान की बुकिंग करेगा। बुकिंग करने के बाद यह सामान संबंधित बसों तक भेजा जाएगा और फिर यहां से संबंधित पते पर यह सामान पहुंचा दिया जाएगा।
इसके साथ इसमें शुल्क भी तय होना था लेकिन वो भी नहीं हो सका। हाल यह है कि अब बसों में लोग औने-पौने दामों में अपना सामान रखवा रहे है। इधर, डिपो प्रभारी रामप्रकाश का कहना है कि उन्हें अभी इसके बारे में जानकारी नहीं है। कर्मचारियों से बातचीत की जाएगी। इसके लिए अभी कोई आदेश भी नहीं आया है।