जिला पंचायत सदस्य पद की मतगणना लंबी खिंचेगी। परिणाम के रुझान छह से सात घंटे के भीतर मिलने शुरू होंगे। दिन-रात मतगणना का काम चलेगा। एक शिफ्ट के कर्मचारी थक जाएंगे तो दूसरी शिफ्ट के कर्मचारियों को कमान सौंप दी जाएगी। मतगणना के 24 घंटे से भी ज्यादा समय तक चलने की संभावना जताई जा रही है।
जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए तीन चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। चौथे चरण का चुनाव 29 अक्तूबर को होना है। चौथे चरण का चुनाव निपटने के बाद एक नवंबर को मतगणना शुरू होगी। चौथे चरण और मतगणना की तारीखों के बीच ज्यादा समय न होने की वजह से मतगणना के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।
आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार ही प्रशासन मतगणना की तैयारी हो रही है। सैदनगर और चमरौवा ब्लाक की मतगणना डुंगरपुर मंडी समिति में कराई जाएगी। स्वार में मतगणना सेंट फ्रांसिस स्कूल में होगी। शेष ब्लाकों में मतगणना का काम होगा। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी।
मतगणना के दौरान बीडीसी के परिणाम तो मंडी समिति से ही घोषित हो जाएंगे। जिला पंचायत के परिणाम जिला मुख्यालय से ही घोषित किए जाएंगे। मतगणना दो शिफ्टों में होगी। मतगणना रुकेगी नहीं, लेकिन दो शिफ्टों में कर्मचारी लगेंगे। मतगणना के काम में 1800 से ज्यादा कर्मचारी लगेंगे। कोशिश है कि मतगणना का काम जल्द निपट जाए।
जिला पंचायत के 35 सदस्यों के परिणामों की घोषणा निर्वाचन अधिकारी की ओर से जिला मुख्यालय पर की जाएगी। इस संबंध में भी आयोग की ओर से आदेश जारी किया गया है। आरओ जिला मुख्यालय स्थित अपने आरओ दफ्तर में ही परिणाम घोषित करते हुए विजयी सदस्यों को प्रमाण पत्र भी प्रदान करेंगे।