रामपुर। प्रस्ताव देने और फिर मंजूरी मिलने तक हलचल रही और फिर मेडिकल कॉलेज ठंडे बस्ते में चला गया। फाइलों में लखनऊ से रामपुर के अधिकारियों के बीच पत्राचार होता रहा, लेकिन योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। मंजूरी के बाद से लोगों की बढ़ती उम्मीदों पर ग्रहण लग गया। हर वर्ग को रामपुर में मेडिकल काॅलेज खुलने का इंतजार है।
2022 में जब पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी मेडिकल कॉलेज के लोगों के सपने की फाइल लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे और प्रस्ताव सौंपा तो लगा कि रामपुर को एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। इलाज के अभाव में अपनों के चले जाने बाद गरीबों में कुछ उम्मीद जगी थी। गरीब के साथ हर तबका इससे काफी खुश था कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद दिन बहुरेंगे। लोगों को गंभीर बीमारियों का इलाज बिना दौड़ और कम खर्च में मिल सकेगा। पीपीपी मोड पर इसको बनाने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग की विशेष सचिव दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंजूरी के बाद रेजीडेंस कॉलोनी और मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए पहले सदर तहसील के राजस्व ग्राम अलीनगर बेनजीर और जगतपुर में 2.025 हेक्टेयर भूमि का चयन भी किया था। लखनऊ की एक टीम निरीक्षण करने भी आई। कागजी खानापूर्ति की गई। बराबर रामपुर से अधिकारियों का लखनऊ तक पत्राचार होता रहा, लेकिन मेडिकल कॉलेज की योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। मामले में जिले के जनप्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज बनवाने को लेकर शासन में बात रखने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है कि रामपुर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बेहतर मेडिकल शिक्षा होनी चाहिए, जो रामपुर के लिए मेडिकल क्षेत्र में मिल का पत्थर साबित होगी।
जन प्रतिनिधियों की राय
हम संसद में लगातार रामपुर में एम्स खोलने की मांग रख रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की बात प्रदेश सरकार ने कहीं है, तो ये सपना भी रामपुरवासियों का पूरा होना चाहिए। अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं, अच्छी शिक्षा आम जनता का अधिकार है, ये मांग जल्दी पूरी होनी चाहिए। इसके लिए शासन स्तर पर बातचीत कर हल निकालने का प्रयास करेंगे।- मोहिब्बुल्लाह नदवी, सांसद, रामपुर लोकसभा
रामपुर में मेडिकल कॉलेज प्रस्तावित है, जिसके लिए पीपीपी मॉडल के तहत कॉलेज का निर्माण होना है। इसमें देरी नहीं होनी चाहिए, मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। - बलदेव सिंह औलख, कृषि राज्यमंत्री उप्र
रामपुर की स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए सरकार गंभीर है। यहां मेडिकल कॉलेज को पहले से ही स्वीकृति मिल चुकी है। मुझे विश्वास है कि बहुत जल्द इस पर काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। - आकाश सक्सेना, रामपुर शहर विधायक
रामपुर में जल्द मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना चाहिए, इसके लिए शासन स्तर पर मुद्दे को रखेंगे। हालांकि रामपुर में मेडिकल कॉलेज प्रस्तावित है, लेकिन देरी होनी नहीं चाहिए। ये रामपुरवासियों के लिए बेहद जरूरी है। - शफीक अंसारी, विधायक स्वार
रामपुर में मेडिकल कॉलेज बनना चाहिए, क्षेत्र के युवाओं को बेहतर मेडिकल शिक्षा और बेहतर इलाज के लिए ये समय की आवश्यकता है। प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे। - राजबाला सिंह, विधायक मिलक