रामपुर। स्वार एसडीएम यमुनाधर चौहान समेत 13 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। एसडीएम का सैंपल 15 दिसंबर को आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को आरटीपीसीआर की जांच में 10 संक्रमित व 3 संक्रमित एंटीजन जांच में सामने आए हैं।
कोरोना संक्रमण का शिकंजा भले ही जिले में कुछ ढीला हो गया हो लेकिन, अभी भी लगातार कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक अधिकारियों में भी कोरोना संक्रमण पुष्टि होने से प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं जाननी हों या फिर आए दिन हो रहे धरने प्रदर्शन में जाकर किसानों व अन्य लोगों को समझाना हो। प्रशासनिक अधिकारी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरतने के बावजूद भी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। अभी कुछ दिन पूर्व एडीएम (प्रशासन) और एएसपी कोरोना संक्रमित पाए गए थे और अब स्वार के एसडीएम संक्रमित पाए गए हैं। स्वार एसडीएम समेत 10 लोगों में 15 दिसंबर को आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए सैंपल में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही तीन लोगों में एंटीजन जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। स्वार सीएचसी प्रभारी डॉ. इंदूकांत वर्मा ने बताया कि स्वार एसडीएम कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें होम आइसोलेट किया गया है।