रामपुर। सांसद आजम खां की पत्नी और शहर विधायक तंजीन फात्मा को दो मामलों में कोर्ट से जमानत मिल गई है। डॉ. फात्मा पर अब तक दर्ज सभी मामलों में उनको जमानत मिल गई है। ऐसे में जल्द ही उनकी जेल से बाहर आने की संभावना जताई जा रही है।
डॉ. फात्मा 26 फरवरी से अपनी पति आजम खां और बेटे अब्दुल्ला आजम खां के साथ जेल में बंद हैं। कुर्की का आदेश जारी होने के बाद उन्होंने अपने पति और बेटे के साथ 26 फरवरी को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद तीनों को 27 फरवरी को सीतापुर की जेल भेज दिया गया था। डॉ. फात्मा के खिलाफ 34 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 32 में उनको जमानत मिल चुकी है। शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में शत्रु संपत्ति और क्वालिटी बार को लेकर दर्ज मुकदमे में उनकी जमानत पर सुनवाई हुई। उनके अधिवक्ताओं ने उनकी उम्र और बीमारी का हवाला देते हुए कोर्ट से जमानत देने का अनुरोध किया। जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। कानून के माहिरों का कहना है कि सभी 34 मामलों में जमानत मिल जाने के बाद वो जल्द ही सीतापुर की जेल से बाहर आ सकती हैं।