स्वार। तिरंगा यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार को हुई कहासुनी रात में तूल पकड़ गई। युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को हायर सेंटर ले जाया गया है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला खास निवासी यासीन उर्फ भूरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बृहस्पतिवार को विधायक की तिरंगा यात्रा में शामिल था। इसी दौरान मोहल्ला काशीपुर और मोहल्ला चक के कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी, तब मौके पर लोगों ने मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि रात करीब 10 बजे यासीन मुंशीगंज मार्ग स्थित एक चाय की दुकान पर बैठा था। तभी तीन नामजद और तीन अज्ञात युवक वहां पहुंच गए। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। धारदार हथियार से वार करने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सोनम सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद