रामपुर। जिले में लगभग 42 हजार स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं, लेकिन बिल जमा करने की सुविधा अभी तक स्मार्ट नहीं हो पाई है। पूरे शहर में सिर्फ नवाब गेट स्थित एक ही काउंटर होने के कारण उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
उपभोक्ता शुक्रवार को सुबह से ही बिजली बिल जमा करने के लिए लाइनों में लगे रहे। परेशान उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर तो लगा दिए, लेकिन बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नहीं किया। रईस अहमद और अशरफ अली जैसे उपभोक्ताओं ने अतिरिक्त काउंटर खोले जाने की मांग की है।
राजेंद्र श्रीवास्तव, देवधर सैनी ने कहा कि 11 बजे से बिल जमा करने के लिए लाइन में लगे हैं। एक बजे उनका नंबर आया है। रेखा शर्मा ने कहा कि पहले ही स्मार्ट मीटर का बिल तीन-तीन महीने बाद आया है। अब बिल जमा करने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। एक ही काउंटर बिल जमा करने के लिए खोला गया है।
-
उपभोक्ताओं काे समस्या न हो इसके लिए अलग काउंटर पर स्मार्ट मीटर के बिल जमा कराए जा रहे हैं। उपभोक्ता मोबाइल में यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड कर आसानी से बिल जमा कर सकते हैँ।
- पीके शर्मा, कार्यवाहक अधिशासी अभियंता