रामपुर। सैफनी थाने में तैनात सिपाही मो. नौसाद को एसपी सोमेंद्र मीणा ने निलंबित कर दिया है। रवाना निवासी अख्तयार शाह ने एसपी से सिपाही की शिकायत की थी।
रवाना निवासी अख्त्यार शाह ने एसपी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि 27 मार्च की रात उनके छोटे भाई की शादी हुई थी। थाना सैफनी के एक सिपाही ने महिला संगीत कराने के एवज में मिठाई के नाम पर उनसे पांच हजार रुपये ले लिए।
चार दिन बाद पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की और उन्हें जबरन थाने ले गए, जहां दो लाख रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर उन्हें हवालात में बंद कर दिया गया। उनके पास इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है।
इस खबर को अमर उजाला ने प्रकाशित किया था। एसपी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर सिपाही मो. नौसाद को निलंबित कर दिया गया है। शिकायत की जांच की जा रही है।