रामपुर। जामा मस्जिद में एक लड़की के रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इसके बाद इंतजामिया कमेटी ने नाराजगी जताते हुए लड़की के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जामा मस्जिद में फोटो खींचने और रील बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। कमेटी ने कहा है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कमेटी सचिव रजा इनायती ने कहा कि जामा मस्जिद धार्मिक स्थल है। यहां इस तरह रील बनाना सही नहीं है। उन्होंने बताया कि वायरल हो रही रील शुक्रवार की बताई जा रही है। कहा कि मस्जिद में आने वाले लोगों को वहां की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
जामा मस्जिद के इमाम मौलवी फैजान ने कहा कि मस्जिद में इस तरह वीडियो बनाना बहुत गलत और शर्मनाक है। ऐसी हरकत करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दोबारा कोई इस तरह की कोशिश न करे।
कमेटी ने साफ किया है कि अब जामा मस्जिद परिसर में फोटो और रील बनाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंध के बावजूद ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।