केमरी। थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव निवासी मोहम्मद अनवार ने राशन कार्ड में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। आरोप है कि उसके पुत्र मोहम्मद शादाब और पौत्री इसीका बी के जीवित होने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत दर्शाकर राशन कार्ड से नाम काट दिए गए। इससे परिवार को मिलने वाला राशन भी कम हो गया है।
पीड़ित के मुताबिक, राशन कार्ड से नाम काटे जाने की जानकारी होने पर उसने ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव से शिकायत की। आरोप है कि दोनों ने उसे कोटा डीलर से संपर्क करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद वह कोटा डीलर के पास पहुंचा तो उन्होंने तहसील जाकर शिकायत करने की सलाह दी।
मोहम्मद अनवार ने बताया कि वह बेहद गरीब है और राशन कार्ड में यूनिट कम होने से परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। उसने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने, उसके पुत्र और पौत्री के नाम राशन कार्ड में तत्काल बहाल कराने तथा जीवित लोगों को मृत दर्शाकर नाम काटने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।