रामपुर। जिला प्रोबेशन कार्यालय में तैनात एक आउटरीच कार्यकर्ता ने जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत चार लोगों पर एक लाख रुपये की अवैध मांग करने और सेवा समाप्त करने का आरोप लगाते हुए कोट में परिवाद दायर किया है। इस मामले की 26 मार्च को सुनवाई होगी।
ग्राम लाड़पुर, थाना मिलक निवासी गुड्डू सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दायर परिवाद में बताया कि वह 22 अप्रैल 2017 से जिला प्रोबेशन कार्यालय में आउटरीच कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि जुलाई 2025 में पदभार ग्रहण करने के बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्य ने मूल्यांकन व वेतन वृद्धि के नाम पर एक लाख रुपये की अनुचित मांग शुरू कर दी।
पैसे देने से इन्कार करने पर प्रोबेशन अधिकारी के कहने पर कंप्यूटर ऑपरेटर सुरेंद्र, कनिष्ठ लिपिक राजकुमार और गंगोत्री मैनपॉवर एजेंसी के अक्षत शर्मा ने भी दबाव बनाना शुरू कर दिया। 13 नवंबर 2025 को बिना किसी सूचना के उसकी सेवा समाप्त कर दी गई। विरोध करने पर एससी/एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने 26 फरवरी 2026 को एसपी को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। संवाद