कोहरे और कड़ाके की ठंड का सितम लोगों को खूब सता रहा है। तीसरे दिन भी कोहरे की चादर दिनभर ऐसी तनी कि लोग परेशान हो उठे। कड़ाके की सर्दी में जिंदगी ठहर गई है। लोग दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर निकले। सड़क से लेकर ट्रैक तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। जिले में न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस तक मापा गया है।
उत्तर भारत इस वक्त कोहरे की जद में है। रामपुर पर भी कोहरे का सितम खूब सता रहा है। कड़ाके की ठंड तीसरे दिन भी जारी रही। गुरुवार की रात में कोहरे ने शहर को आगोश में ले लिया और रातभर कोहरा छाया रहा। शुक्रवार की सुबह बच्चे कोहरे के बीच ही स्कूल जाते हुए दिखे। हाईवे से लेकर अन्य सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते रहे। दोपहर के बाद कोहरा छंटा तो धूप निकली। शाम होने के बाद एक बार फिर कोहरा शहर में छा गया। लोग ठिठुरते रहे।
टांडा नगर व क्षेत्र मे पूरे दिन छाया रहा घना कोहरा। लगातार तीन दिस से कोहरा छाए रहने से ठिठुरन बढ़ी। सुबह के समय छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिलक नगर एवं क्षेत्र में शुक्रवार को पूरे दिन घने कोहरे की चादर छाई रही। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यदुवंशी ने नगर पालिका के ईओ से अलाव की व्यवस्था कराने की मांग की है। शाहबाद में चौथे दिन भी कोहरे का कोहराम जारी रहा पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। सर्दी के साथ गलन भी बढ़ गई है। गर्म कपड़ों में लिपटे हुए भी लोगों की पूरे दिन कंपकंपी छूटती रही।