डीएम का आदेश स्कूल संचालकों की मनमानी से बेअसर साबित हुआ है। लिहाजा कड़ाके की सर्दी में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। जिस पर डीएम ने भी इस पर नाराजगी जाहिर की है। साथ ही बीएसए और डीआईओएस से इस मामले में जांच रिपोर्ट तलब की है।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की थी,लेकिन डीएम के आदेश को स्कूल व कालेज संचालकों ने हवा में उड़ा दिया। नतीजा सुबह ही स्कूल खोल दिए गए क्योंकि छुट्टी का आदेश रविवार की रात में ही जारी हुआ था लिहाजा सभी स्कूल खोल दिए गए,लेकिन तमाम स्कूलों को डीएम का आदेश होने की जानकारी हुई तो उन्होंने स्कूल बंद कर दिए।
वहीं आदेश मिलने की जानकारी के बाद भी तमाम स्कूल खुले रहे। जिसकी वजह से शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के स्कूलों में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। स्कूल संचालक डीएम के आदेश को यूं ही हवा में उड़ाते रहे। जिलाधिकारी अमित किशोर ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। डीएम ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसको लेकर बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक से भी रिपोर्ट तलब की जा रही है।