प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर अब जौहर यूनिवर्सिटी में नहीं उतरेगा। उनका हेलीकाप्टर अब फिजिकल कालेज के मैदान के सामने स्थित हाकी मैदान में उतरेगा। यहीं पर हेलीपैड भी बनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल में आनन-फानन संशोधन कर दिया है। फिलहाल, वजह क्या रही यह कोई बताने को तैयार नहीं है। पूरा कार्यक्रम फिजिकल कालेज के मैदान में ही कराया जाएगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 23 नवंबर को रामपुर आ रहे हैं। उनके इस प्रस्तावित कार्यक्रम के संकेत मिलने के बाद प्रशासनिक अमले ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू की थीं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर जौहर यूनिवर्सिटी में उतरना था। यहां पर कई कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित किया गया था। यूनिवर्सिटी में हेलीकाप्टर उतारने से लेकर यहां पर बैरीकेडिंग कराने और लाइटिंग की व्यवस्था और मंच तैयार करने का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया था। लोक निर्माण विभाग ने प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए बाकायदा निविदा का प्रकाशन भी कराया था। विभाग की ओर से जो निविदा जारी की गई थी।
उसके मुताबिक जौहर यूनिवर्सिटी में 81 लाख की अनुमानित लागत से मंच, हेलीपैड, पंडाल, स्विस काटेज व लाइटिंग के साथ ही बैरीकेटिंग लगाए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया था। लेकिन आनन फानन अब इस निविदा में संशोधन करा दिया गया है। संशोधित प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत अब गांधी स्टेडियम (फिजिकल कालेज) मैदान पर कार्यक्रम होगा।
मैदान के सामने स्थित हाकी मैदान में हेलीपैड बनेगा साथ ही इसके बाद यहां फिजिकल कालेज के मैदान में कार्यक्रम होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। अफसर यहां के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। अफसरों का कहना है कि फिजिकल कालेज के मैदान में इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।