रामपुर। मकर संक्रांति पर आसमान में धूप और बादलों की लुकाछिपी रही। सुबह से शाम तक कभी धूप तो कभी बादल आसमान में छाए रहे। धूप निकली भी तो धूप की तेजी मंगलवार की तुलना में कम रही। हालांकि बुधवार को भी तापमान में सुधार हुआ और गलन-ठिठुरन का असर कम रहा और लोगों को हाड़ कंपाने वाली सर्दी से राहत रही।
जनवरी माह में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। साल की शुरुआत साफ मौसम और धूप के साथ हुई तो सप्ताह भर में ही मौसम बदल गया और बारिश के साथ शीतलहर ने लोगों को ठंड की चपेट में ला दिया। इस दौरान पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से गलन और भी बढ़ गई। मंगलवार को मौसम साफ हुआ और पूरे दिन बढ़िया धूप निकलने से तापमान में सुधार हुआ लेकिन, बुधवार को एक बार फिर मौसम मिला-जुला रहा और कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। गुरुवार से शनिवार तक जिले में बारिश की आशंका जताई गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही हवाओं की रफ्तार भी सामान्य रही, जिससे लोगों को पिछले दिनों पड़ी कड़ाके की सदी और ठिठुरन से राहत मिली। लेकिन, मौसम पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार से एक बार फिर मौसम बदलेगा और बारिश होगी, जिससे एक बार फिर मौसम खराब होने की आशंका है।