रामपुर। 150 ग्राम पंचायतों में रविवार को भी विशेष सफाई अभियान जारी रहा। 22 अक्तूबर तक चलने वाले इस सफाई अभियान में त्रिस्तरीय ब्लॉक, जिला और मंडल स्तर पर निगरानी रखी गई है। गांवों में सफाई अभियान में पंचायत सहायकों ने सहयोग दिया और निगरानी बनाए रखी।
जिले में डीएम के निर्देश पर 13 अक्तूबर से गांवों में विशेष सफाई अभियान जारी है। अभियान के चौथे दिन रविवार को सभी विकास खंडों में ग्राम पंचायत स्तर से गांव में गंदगी दूर कराई गई। झाड़ियों की कटाई के बाद नालियों को साफ कराया गया। गांव के संपर्क मार्ग पर लगे गंदगी के ढेर साफ किए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि कोशिश है कि इस अभियान में कोई कमी नहीं रहे। अभियान में जहां भी कमी पाई जाएगी उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान गांवों में हो रहे जलभराव का निस्तारण कराया जा रहा है। कूड़े के ढेरों को साफ कराया जा रहा है। लोगों के लिए स्वच्छ व शुद्ध पानी की व्यवस्था कराई जा रही है। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। उन्होंने बताया कि अक्तूबर माह में अधिक वर्षा होने के कारण पेय जल प्रदूषित होने व संचारी रोगों का जोखिम बढ़ने की आशंका है। खतरे को देखते हुए एक सप्ताह का विशेष अभियान जारी रहेगा। दिवाली के त्योहार तक गांव साफ-सफाई युक्त होंगे।