मिलक। क्षेत्र के गांव पीपलसाना में बृहस्पतिवार दोपहर दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए 11वीं कक्षा के छात्र की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव पीपलसाना निवासी 17 वर्षीय अरुण बृहस्पतिवार दोपहर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय उसे तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वह अचानक गहरे पानी में चला गया। कुछ ही क्षणों में वह डूबने लगा। साथ में नहा रहे बच्चों ने अरुण को डूबता देख शोर मचा दिया।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद अरुण को तालाब से बाहर निकाला। उसे तत्काल निजी वाहन से नगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि मृतक अरुण कक्षा 11 का छात्र था। वह दो बहनों में सबसे छोटा और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि पिता का करीब चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। बेटे की असमय मौत से मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने के दौरान एक किशोर की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि जांच के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।