सिविल लाइंस क्षेत्र की बीपी कालोनी में मंगलवार देर रात महिला से छेड़खानी के बाद दो समुदाय के लोग भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। घटना के बाद कालोनी में तनाव जैसी स्थिति हो गई। पुलिस ने दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कई घंटे तक पुलिस तैनात रही। फिलहाल, मामला शांत है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात वाल्मीकि शोभायात्रा के कारण चहल-पहल थी। इसी दौरान पास की ही बीपी कालोनी में एक ट्रांसपोर्टर का बेटा अपनी पत्नी के संग रेलवे स्टेशन से घर लौट रहा था। रास्ते में कालोनी के ही दो युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसकी पत्नी के संग छेड़खानी की और आपत्तिजनक शब्द कहे, विरोध करने पर छेड़खानी करने वाले युवकों ने ट्रांसपोर्टर के बेटे की पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। कुछ देर में वारदात की सूचना मिलने पर ट्रांसपोर्टर के बेटे के साथ तमाम लोग आ गए और फिर दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे अफरातफरी मच गई।
इस बीच मामले की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने यहां हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया, लेकिन पीड़ित पक्ष छेड़खानी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा चला। जिससे तनाव व्याप्त हो गया। सीओ सिटी आले हसन मय फोर्स के यहां पहुंच गए, पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर के बेटे की तहरीर पर कामरान, आसिम, अरमान, गुड्डू समेत पांच छह अज्ञात लोगों के खिलाफ छेड़खानी करने, बलवा, जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वहीं फराह अनीस ने कई लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने जान से मारने की धमकी और बलवा की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी गणेश दत्त जोशी का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली गई है, मामला शांत है। अगली कार्रवाई की जाएगी।