रामपुर। सपा नेता आजम खां की पत्नी और पूर्व विधायक डॉ. तजीन फात्मा ने कहा है कि मतदान स्थल खाली पड़े हुए हैं। लग ही नहीं रहा है कि चुनाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के मतदान केंद्रों से एक से दो किलोमीटर पहले पुलिस ने बैैरिकेडिंग लगा दी है। वहीं से मतदाताओं को लौटा जा रहा है। जो आने की कोशिश कर रहा है उसको मारापीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर तो मौत सा सन्नाटा छाया हुआ है।
रजा डिग्री कॉलेज के बूथ पर मतदान करने पहुंची डॉ. फात्मा ने कहा कि वोट डालने के लिए आते समय उन्होंने देखा है कि पुलिस किस तरह से लोगों को रोक रही है। महिलाओं तक को पुलिस नहीं बख्श रही है। उन्होंने कहा कि यह समझ में नहीं आ रहा है कि पुलिस इतनी ज्यादती क्यों कर रही है। आखिर उनको किस बात का गुस्सा है। एक ओर तो चुनाव आयोग कह रहा है कि मतदान करो, दूसरी ओर पुलिस मतदान करने से रोक रही है। ब्यूरो