महंगाई के खिलाफ सीटू ने जमकर की नारेबाजी
17 मार्च को विधानसभा का करेंगे घेराव : विजेंद्र मेहरा
कहा, देश में मजदूर और आम जनता महंगाई की मार से परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सीटू ने शनिवार को केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने सरकार को इन कानूनों को वापस लेने की मांग उठाई। सीटू राज्य अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि देश के हजारों किसान दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लंबे समय से किसान कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए संघर्षरत हैं। मगर सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। मजदूरों की मांगों को लेकर 17 मार्च को मजूदर संगठन शिमला में विधानसभा का घेराव करेंगे। वहीं शनिवार को काले कानून के विरोध में मजदूर यूनियन ने चौधरी अड्डे में केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इन बिलों से किसानों पर तो असर पड़ेगा ही, साथ ही देश की जनता भी इससे अछूती नहीं रहेगी। आज देश में महंगाई चरम पर है और पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और गरीब तबके पर पड़ रहा है। मगर केंद्र सरकार इस पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तेल के दामों में गिरावट दर्ज की जा रही है। दूसरी ओर देश के मजदूरों की हालत भी बदतर होती जा रही है। इस मौके पर सीटू राज्य उपाध्यक्ष बिहारी सेवगी, रणजीत ठाकुर और सुनामणी के अलावा मजदूर मौजूद रहे।
बॉक्स
विधानसभा के बाहर 17 मार्च को हजारों मजदूरों की प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर शिमला से मजदूर जत्था रामपुर बस स्टैंड, एसजीवीएनएल झाकड़ी, जेएसडब्ल्यू टापरी, अडानी एग्रो फ्रेश बिथल और बायल स्थित रामपुर हाइड्रो प्रोजेक्ट में पहुंचा। यहां मजदूरों की जनसभाएं आयोजित की गईं। इस दौरान सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, उपाध्यक्ष बिहारी सेवगी, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत ठाकुर, मदन नेगी, जीवन नेगी, दिनेश नेगी, राजेश नेगी, सुक्खू साजन नेगी, नीलदत्त, रिंकू राम, संदीप, डैनी कायथ, रमन शर्मा, सुनामणी, पवन शर्मा, खुशी राम, श्यामा और राहुल ने संबोधित किया।