रामपुर। बिजली के बढ़े बिलों की शिकायतों को सुलझाने के लिए पालिका चौपालों का आयोजन करेगी। प्रत्येक वार्ड में सभासदों की मौजूदगी में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए शहर के सभी वार्डों में जाकर टैक्स से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।
रामपुर में मौजूदा समय में 43 वार्ड हैं और इन वार्डों में करीब चार लाख की आबादी बसर कर रही है। इस समय काफी अधिक संख्या में लोग अपने बढ़े बिलों को लेकर परेशान हैं। दरअसल, जीआईएस सर्वे के आधार पर लोगों के घरों को बिल पहुंच रहे है। इन बिलों में पैसों की ब़ढ़ी संख्या आ रही है, जिसको लेकर लोग काफी परेशान हो रहे हैं। मौजूदा समय में अगर बात करें तो लगभग अब तक 40 हजार लोगों को नोटिस पहुंचाए गए हैं।
इन नोटिसों में बिल जमा करने के लिए कहा गया है, लेकिन लोगों के बढ़े बिल की वजह से लोगों में चिंता बनी हुई है। नगर पालिका की अगर बात करें तो अब तक का गृहकर, प्रतिष्ठान मिलाकर करीब 80 लाख से अधिक का बकाया हो चुका है, जिसको धीरे-धीरे पर्ची के माध्यम से वसूली भी की जा रही है। इस बीच जिन लोगों के बढ़े बिल आ रहे हैँ या फिर अन्य कोई दिक्कत है तो उनके लिए अब पालिका चौपालें लगाने जा रही हैं।
इन चौपालों में बाशिंदों की सभी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। बाशिंदों के लिए इलाकों में चोपाल लगाने के लिए सभासदों की मदद ली जाएगी। सभासद पालिका टीम के पास कैंप लक लेकर पहुंचेंगे और उनकी समस्या का निराकरण कराया जाएगा। इधर, अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी का कहना है कि जिन लोगों की समस्याएं आ रही हैँ, उन सभी समस्याओं को चौपाल लगाकर निपटाया जाएगा। संवाद