महिला समूह(भजेर) में मां के साथ गई पांच साल की मासूम बालिका को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। भीड़ ने ट्रक चालक और क्लीनर का पीछाकर दबोचा। इस दौरान गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को ख्ादेड़ा।
कोतवाली क्षेत्र के रठौंडा मजरा गांव निवासी राजबहादुर उर्फ राजू की पांच साल की बेटी जीविका मां के साथ देवी मां की गीतों में महिला समूह (भजेर) के साथ मिलक-बिलासपुर रोड स्थित गुलडिया भाट और खमरिया गांव के बीच जंगल में गई थी। जहां पर पेड़ के नीचे बैठकर महिलाएं गीत गा रहीं थीं।
इस बीच मिलक-बिलासपुर रोड से गुजरने वाले एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बालिका को चपेट में ले लिया। हादसे में बालिका की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रक छोड़कर भाग रहे चालक और क्लीनर को पकड़ लिया।
भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई की। भीड़ ने पथराव कर ट्रक में तोड़फोड़ की। वहीं, हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन जब लोग नहीं माने तो बल का प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।