स्कूल से लौटते समय दो भाइयों पर शनिवार को दो युवकों ने पेंट में मिला केमिकल उड़ेल दिया, जिससे दोनों बुरी तरह से झुलस गए। दोनों को अस्पताल लाया गया। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मामला सिविल लाइंस क्षेत्र के पनवड़िया का है। पनवडिया निवासी नारायण दास का नौ साल का बेटा प्रताप और सात साल का अमन शनिवार को स्कूल से लौट रहे थे। आरोप है कि इस बीच मुहल्ले के ही दो युवकों ने उनके ऊपर पेंट में मिला केमिकल उड़ेल दिया।
केमिकल काफी गर्म था, जिसकी वजह से दोनों बच्चे झुलस गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से झुलसे बच्चों को आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ही बच्चे गंभीर रूप से झुलसे हुए थे। इस मामले की तहरीर पुलिस को दी गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस का दावा है कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। थानाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने बताया कि दोनों बच्चे आग ताप रहे थे इस बीच किसी ने आग पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल दिया, जिससे आग भड़क गई और दोनों बच्चे झुलस गए। दोनों पक्षों के बीच फिलहाल समझौता हो गया है।